युवक की हत्या के बाद बूंदी के होटल पर बुलडोजर से कार्रवाई की गई. इस दौरान तहसीलदार और डीवाईएसपी सदर थानाधिकारी भारी पुलिस लवाजमे के साथ मौजूद रहे.
बूंदी: युवक की हत्या के मामले में चर्चा में आए बूंदी के रामगंज बालाजी के निकट स्थित होटल में प्रशासन ने बुलडोजर से अवैध निर्माण ढहाया. यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के निर्देश पर नेशनल हाईवे मेंटेनेंस अधिकारी रामसहाय गुर्जर की मौजूदगी में प्रशासन ने की. तहसीलदार की जांच में सामने आया है कि यह होटल सरकारी नाले पर बनी हुई है. इसके चलते अब राजस्व विभाग भी इस पर कार्रवाई कर सकता है.
होटल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एनएचएआई के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्य सड़क से होटल तक का सीमाज्ञान किया. उसके बाद राजमार्ग पर अतिक्रमण के रूप में आ रहे होटल के हिस्से और अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया.
होटल पर युवक नितिन खटीक की पीट-पीटकर हत्या, बिल को लेकर स्टाफ से हुआ था झगड़ा
सरकारी नाले पर बना होटल: इस कार्रवाई के दौरान मौजूद तहसीलदार अर्जुन लाल मीणा ने बताया कि जांच में होटल का निर्माण सिवायचक भूमि पर सरकारी नाले पर होना पाया गया था. उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर एसडीएम को रिपोर्ट सौंपी जा चुकी है. उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जल्द कार्रवाई होगी.
पुलिस सहायता मिले तो और भी कार्रवाई संभव: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के एरिया मैनेजर गोविंद सिंह ने बताया कि हमने हाईवे की सीमा में आ रहे हिस्से को हटा दिया है. अब दूसरे विभागों को अपनी कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि हमें पुलिस बल की सहायता मिलती रहे तो, वे राजमार्ग पर हो रहे अन्य अतिक्रमण भी हटा दें.
बता दें कि पिछले दिनों होटल में खाना खाने आए कोटा निवासी नितिन खटीक की होटल मालिक और अन्य कर्मचारियों ने बिल के भुगतान को लेकर लाठी डंडों से पीट कर हत्या कर दी थी. इससे गुस्साए मृतक नितिन खटीक के समाज के लोगों और रामगंज बालाजी गांव के लोगों ने होटल पर बुलडोजर एक्शन की मांग की थी. ग्रामीणों ने इस मामले में होटल में अवैध गतिविधियां संचालित होने के आरोप लगाए थे. इस पर जिला प्रशासन ने बुधवार को होटल से राजमार्ग की सीमा में हो रहा अतिक्रमण हटाया.
No comments:
Post a Comment