ad

Saturday, September 26, 2026

सयुक्त व्यापार संघ का सांकेतिक बंद रहा सफलव्यापारियों ने स्व अशोक गुप्ता को दी श्रद्धांजलि

राजेश खोईवाल 
बूंदी (राजस्थान टीवी न्यूज)
इंदिरा मार्केट, चौगान गेट पुरानी धानमंडी व्यापार संघ का सांकेतिक बंद सफल
व्यापारियों ने स्वतः प्रतिष्ठान बंद रखकर दिवंगत अशोक जी गुप्ता को दी श्रद्धांजलि
व्यवस्था में सुधार, जिम्मेदारी तय करने और कार्रवाई की मांग—कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की रणनीति तैयार करेगा संयुक्त व्यापार महासंघ
बूंदी। दिवंगत व्यापारी भाई श्री अशोक जी गुप्ता (कोठी वाला) के जिला अस्पताल में उपचार के दौरान हुई कथित लापरवाही एवं अस्पताल की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर इंदिरा मार्केट एवं पुरानी धानमंडी व्यापार संघ द्वारा आयोजित सांकेतिक बंद पूर्ण रूप से सफल रहा।
व्यापार संघ की अपील के बाद दोनों बाजारों के व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने-अपने प्रतिष्ठान दोपहर 12:00 बजे तक बंद रखकर व्यापारी एकता एवं संवेदनशीलता का परिचय दिया। इसके बाद उपस्थित व्यापारी सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा दिवंगत व्यापारी भाई स्व.अशोक गुप्ता की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात व्यापारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा मौन जुलूस निकाला गया। यह मौन जुलूस श्रद्धांजलि स्थल से प्रारंभ होकर इंदिरा मार्केट एवं कोटा रोड होते हुए पुनः श्रद्धांजलि स्थल तक पहुंचा। जुलूस के दौरान सभी ने मौन रखकर दिवंगत अशोक गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा जिला अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था में आवश्यक सुधार एवं पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस दौरान सामाजिक क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ जनों में रूपेश शर्मा, संजय भूटानी, मानस जैन, राजकुमार श्रृंगी,किराना व्यापार संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश जिंदल, परमेश्वर झंवर, सुनील हाड़ौती, लोकेश ठाकुर, कपड़ा व्यापार संघ अध्यक्ष हरीश बिलोची, फणीभूषण सुरलाया सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।
व्यापारी प्रतिनिधियों ने इस अवसर पर जिला प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया कि यह लड़ाई केवल एक व्यापारी भाई के साथ हुई कथित लापरवाही तक सीमित नहीं है, बल्कि जिला अस्पताल की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर निर्भर प्रत्येक आमजन के जीवन और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।
व्यापारियों ने कहा कि गंभीर मरीज अस्पताल पहुंचने के बाद उसे तत्काल और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिलना उसकी पहली आवश्यकता है। इसलिए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर किस स्तर पर क्या कमी रही, इसकी जिम्मेदारी निर्धारित करना आवश्यक है।
व्यापारी संगठनों की प्रमुख मांगें
श्री अशोक जी गुप्ता के उपचार एवं निधन के पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से जांच कराई जाए।
अस्पताल पहुंचने से लेकर अंतिम समय तक के CCTV फुटेज, ECG रिपोर्ट, केस शीट, उपचार रिकॉर्ड, ड्यूटी चार्ट, नर्सिंग रिकॉर्ड एवं ऑक्सीजन संबंधी रिकॉर्ड सुरक्षित रखकर जांच में शामिल किए जाएं।
जांच में यदि किसी चिकित्सक, नर्सिंगकर्मी या अन्य चिकित्सा कर्मचारी की लापरवाही प्रमाणित होती है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।
जिला अस्पताल में 24 घंटे विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं सुनिश्चित की जाएं तथा हार्ट अटैक एवं अन्य गंभीर आपातकालीन स्थितियों के लिए हार्ट स्पेशलिस्ट/कार्डियोलॉजी विशेषज्ञ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
गंभीर मरीजों के लिए तत्काल उपचार, ऑक्सीजन, जीवनरक्षक उपकरण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय निगरानी की 24×7 व्यवस्था की जाए।
पिछले एक वर्ष में जिला अस्पताल में सामने आई गंभीर घटनाओं एवं मृत्यु के मामलों की भी समग्र समीक्षा एवं आवश्यक जांच कराई जाए।
अस्पताल की व्यवस्थाओं में लगातार सामने आ रही शिकायतों एवं घटनाओं के संदर्भ में PMO की प्रशासनिक भूमिका एवं जवाबदेही की जांच की जाए तथा जांच के दौरान PMO को तत्काल निलंबित/अन्यत्र पदस्थ करने की मांग पर जिला प्रशासन गंभीरता से निर्णय ले।
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिला अस्पताल की पूरी आपातकालीन व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा कर आवश्यक सुधार तत्काल लागू किए जाएं।
इंदिरा मार्केट व्यापार संघ ने स्पष्ट किया कि सांकेतिक बंद एवं मौन जुलूस के माध्यम से जिला प्रशासन तक व्यापारी समाज की भावना और मांग पहुंचा दी गई है। यदि संबंधित मामले में शीघ्र, निष्पक्ष एवं ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार करने के लिए संयुक्त व्यापार महासंघ से औपचारिक रूप से अनुरोध किया जाएगा।
संयुक्त व्यापार महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष पीतांबर शर्मा ने कहा कि यदि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती है तो संयुक्त व्यापार महासंघ द्वारा आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी तथा विभिन्न व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों को साथ लेकर इसे व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने के संबंध में आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से चरणबद्ध रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।
व्यापारी संगठनों ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक एवं चरणबद्ध आंदोलन के माध्यम से जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी। व्यापारियों की मांग स्पष्ट है—जांच निष्पक्ष हो, जिम्मेदारी तय हो, दोष प्रमाणित होने पर कार्रवाई हो और जिला अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्था आमजन के लिए भरोसेमंद एवं प्रभावी बनाई जाए।
इस दौरान इंदिरा मार्केट व्यापार संघ अध्यक्ष विजय प्रकाश जैन, सर्वेश अग्रवाल, राजीव भंडारी, राकेश जैन, नूतन कुशवाह, भानु जैन, संयुक्त व्यापार महासंघ अध्यक्ष प्रेम प्रकाश एवरग्रीन, सचिव प्रशांत मोदी, कार्यकारी अध्यक्ष पीतांबर शर्मा, मधुसूदन गुप्ता, तरूण राठौर,गणेश राठौर, दिनेश बिलोची, महावीर कुशवाहा सहित अनेक व्यापारी सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त सामाजिक एवं व्यापारिक क्षेत्र से जुड़े राजू कुरुक्षेत्र, रूपेश शर्मा, संजय भूटानी, मानस जैन, किराना व्यापार संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश जिंदल, परमेश्वर झंवर, सुनील हाड़ौती, लोकेश ठाकुर, कपड़ा व्यापार संघ अध्यक्ष हरीश बिलोची, अशोक अजमानी,फणीभूषण सुरलाया,महेश चांदवानी,सहित अनेक गणमान्यजन एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह जानकारी इंदिरा मार्केट चौगान गेट,पुरानी धानमंडी व्यापार संघ के सचिव सुशील कासट द्वारा जारी की गई।

No comments:

Post a Comment

सयुक्त व्यापार संघ का सांकेतिक बंद रहा सफलव्यापारियों ने स्व अशोक गुप्ता को दी श्रद्धांजलि

राजेश खोईवाल  बूंदी (राजस्थान टीवी न्यूज) इंदिरा मार्केट, चौगान गेट पुरानी धानमंडी व्यापार संघ का सांकेतिक बंद सफल व...