ad

Thursday, November 19, 2026

बूंदी में 5 दिसंबर को होगी अंतरविद्यालय समूह लोक नृत्य प्रतियोगिताप्रथम विजेता को 11 हजार, द्वितीय को 7100 एवं तृतीय विजेता को मिलेंगे 5100 रुपये और ट्रॉफी

राजेश खोईवाल (राजस्थान टीवी न्यूज़) बूंदी। बूंदी महोत्सव 2026 के तहत आयोजित होने वाली अंतरविद्यालय समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर आज 19 नवंबर 2026 को कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रारंभिक, बूंदी में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक स्नेहलता शर्मा ने की। बैठक में आगामी 5 दिसंबर को आयोजित होने वाली प्रतियोगिता की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा कर विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

प्रतियोगिता प्रवक्ता नूतन तिवारी ने बताया कि बैठक को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी स्नेहलता शर्मा ने प्रतियोगिता के उद्देश्य, पारंपरिक गीतों की अनिवार्यता, समूह की संरचना, पुरस्कार एवं सम्मान सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लोक नृत्य भारतीय संस्कृति की जीवंत धरोहर हैं। इनके माध्यम से हमारी समृद्ध परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम प्रभारी सुनीता कटारा एवं सह प्रभारी जयप्रकाश त्रिपाठी व्याख्याता ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 5 दिसंबर 2026 को सायं 6 बजे कुंभा स्टेडियम, खोजा गेट रोड, बूंदी के ग्राउंड में किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेता समूहों को आकर्षक नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले समूह को 11,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले समूह को 7,100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले समूह को 5,100 रुपये एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में पूजा कंवर एवं कविता पाठक ने प्रतियोगिता में भाग लेने संबंधी नियमों एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक समूह में 8 से 16 प्रतिभागी होना अनिवार्य है तथा प्रस्तुति में पारंपरिक लोकगीत का होना आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रतियोगिता से जुड़े सभी आवश्यक निर्देशों से अवगत कराया।

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक विद्यालय एवं प्रतिभागी कार्यक्रम प्रभारी सुनीता कटारा, प्रधानाचार्य (मोबाइल 9602168348) तथा सह प्रभारी जयप्रकाश त्रिपाठी, व्याख्याता डाइट (मोबाइल 9414277541) से संपर्क कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

इस अवसर पर स्नेहलता शर्मा ने कहा कि बूंदी महोत्सव को जन-जन का उत्सव बनाने के लिए गांवों, नगरों, ढाणियों एवं कस्बों में पीले चावल वितरित कर आमंत्रण दिया जाएगा तथा अधिक से अधिक लोगों को बूंदी महोत्सव 2026 में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इसी क्रम में आज प्रतियोगिता प्रवक्ता नूतन तिवारी ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में पीले चावल वितरित कर एवं महोत्सव के आमंत्रण पत्र देकर विद्यार्थियों और शिक्षकों से आयोजन में अधिकाधिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

बैठक में आयोजन समिति की सदस्य निधि जैन, दिव्या आरपी, सुमित विजयवर्गीय, भुवनेश गौतम, आशा शर्मा, शोभना तिवारी, लक्ष्मीनारायण सुमन सहित जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक कार्यालय के कार्मिक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

बूंदी में 5 दिसंबर को होगी अंतरविद्यालय समूह लोक नृत्य प्रतियोगिताप्रथम विजेता को 11 हजार, द्वितीय को 7100 एवं तृतीय विजेता को मिलेंगे 5100 रुपये और ट्रॉफी

राजेश खोईवाल (राजस्थान टीवी न्यूज़) बूंदी। बूंदी महोत्सव 2026 के तहत आयोजित होने वाली अंतरविद्यालय समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता क...