ad

Tuesday, January 31, 2023

सवा लाख के इनामी डकैत को पुलिस ने 4 घंटे चली मुठभेड़ में मारी गोली, कई राज्यों में वांटेड

राजेश खोईवाल (राजस्थान टीवी न्यूज़) धौलपुर। एक लाख इक्कीस हजार रुपए के इनामी डकैत केशव गुर्जर और पुलिस के बीच जंगलों में देर रात मुठभेड़ हो गई। बारिश के बीच करीब 4 घंटे चली इस मुठभेड़ में गुर्जर के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उसके दो दर्जन से अधिक साथी फरार होने में सफल हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने घायल डकैत को धौलपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
सूत्रों के अनुसार धौलपुर एसपी धर्मेन्द्र सिंह को बीती रात केशव गुर्जर के डांग क्षेत्र में छुपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद एसपी खुद टीम के साथ जंगलों में पहुंचे थे। यहां केशव की गैंग के साथ करीब तीन-चार घंटे तक मुठभेड़ चली। भरतपुर आईजी गौरव श्रीवास्तव भी ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे थे। डकैत केशव गुर्जर पर राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश में भी रंगदारी, अपहरण सहित हत्या के केस दर्ज हैं।

*चम्बल किनारे क्षेत्र में सर्च अभियान*

डीएसपी मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि एसपी धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सोने का गुर्जा और चम्बल किनारे क्षेत्र में डकैत को पकड़ने के लिए सर्च अभियान चलाया गया था। डांग में डकैत के साथियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन में कई थानों की पुलिस और एंटी डकैत फोर्स (एडीएफ) के साथ एसपी की विशेष पुलिस टीम शामिल रही।

*10 साल से चल रहा था फरार*

बताया जा रहा है कि केशव गुर्जर धौलपुर के कुदिन्ना गांव का ही रहने वाला है। वह 10 साल से फरार चल रहा था। मुरैना और राजस्थान पुलिस ने मिलाकर इस पर 1.20 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। उस पर 40 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

केशव की गैंग राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में वारदातें करती है। गैंग में दो दर्जन के लगभग सदस्य बताए गए हैं। इसका मूवमेंट राजस्थान में अधिक रहता है।

*गैंगस्टर की तरह काम करता है केशव, परिवार भी नहीं*

केशव को ढूंढने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। उसने न तो शादी की है और न उसका कोई परिवार है। केशव डकैती की परम्परा बदलने के लिए भी जाना जाता है। वह डकैतों की तरह काम न करके, गैंगस्टर की तरह काम करता है। वह आमतौर पर किसी व्यक्ति पर फायरिंग नहीं करता, सिर्फ फोन कॉल से फिरौती वसूलता है। अब तक उस पर हत्या का महज एक मुकदमा दर्ज है।

*पांच मुठभेड़ हो चुकी 6 माह में*

धौलपुर में एसपी धर्मेन्द्र सिंह की नियुक्ति होने के बाद से 6 महीने में पुलिस की केशव के साथ 5 बार मुठभेड़ हो चुकी है। नवम्बर के पहले सप्ताह में चन्द्रपुरा के बीहड़ में हुई मुठभेड़ में दोनों तरफ से 190 राउंड फायरिंग हुई थी।

No comments:

Post a Comment

साइबर क्राइम एक्सपर्ट प्रताप ने अनजान बहन के लिए डोनेट की एसडीपी टीम जीवनदाता के प्रयास से ग्रामीण क्षेत्र में मरीजों को मिल रही एसडीपी

राजेश खोईवाल कोटा (राजस्थान टीवी न्यूज़) कोटा.टीम जीवन दाता द्वारा त्यौहार के सीजन में भी लोगों की निरंतर मदद की जा रही है, ऐसे ...