राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भवानीपुरा के शारीरिक शिक्षक गजानंद सांखला के सेवानिवृत्ति अवसर पर बुधवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिक्षा विभाग में करीब 30 वर्षों की राजकीय सेवा पूर्ण करने के बाद सांखला को विद्यालय एवं शिक्षा विभाग से भावभीनी विदाई दी जा रही है।
गजानंद सांखला ने अपनी सेवा अवधि के दौरान जिला एवं राज्य स्तर पर विभिन्न उपलब्धियां हासिल कीं। खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के साथ-साथ वे सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े रहे तथा जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए सदैव आगे रहे।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर सांखला ने दिन की शुरुआत धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों से की। उन्होंने भगवान शिव की पूजा-अर्चना, गौ माता पूजन एवं चारा वितरण कर विश्व कल्याण की मंगलकामना की।
कार्यक्रम के तहत बुधवार शाम 4 बजे तेजाजी मंदिर, देवपुरा से निजी आवास तक शारीरिक शिक्षकों एवं परिवारजनों की ओर से जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद दी ग्रैंड परमेश्वरी होटल, बूंदी में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें साथी शिक्षक, परिवारजन एवं गणमान्य नागरिक गजानंद सांखला को सम्मानित कर उनके दीर्घ सेवाकाल को याद करेंगे।
इस अवसर पर अखिल राजस्थान प्रबोधक संघ के जिला अध्यक्ष नूतन तिवारी, शारीरिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष शिवराज खींची, श्योजी लाल मीणा, फूलचंद सुहल, प्रेमशंकर मीणा सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर उपस्थित लोगों ने गजानंद सांखला के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय सामाजिक जीवन की मंगलकामना करते हुए उनके सेवा कार्यों की सराहना की।
No comments:
Post a Comment