बूंदी (राजस्थान टीवी न्यूज़)
बूंदी। जिला अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था में सुधार, मरीजों को समय पर उपचार एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा विभिन्न गंभीर मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर शनिवार को आयोजित महाबैठक में बूंदी के सामाजिक, व्यापारिक, राजनीतिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े सैकड़ों जिम्मेदार नागरिक एकजुट हुए।
बैठक का सामूहिक संचालन संयुक्त व्यापार महासंघ अध्यक्ष प्रेम प्रकाश एवरग्रीन, कार्यकारी अध्यक्ष पीतांबर शर्मा एवं सचिव प्रशांत मोदी द्वारा किया गया। बैठक में चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े गंभीर जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा के बाद 11 सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध जनआंदोलन का निर्णय लिया गया।
संयुक्त व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों ने बैठक के उपरांत प्रेस नोट जारी कर बताया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल के विरुद्ध नहीं, बल्कि बूंदी के प्रत्येक नागरिक को समय पर, सुरक्षित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
जनहित की 11 प्रमुख मांगें
1. स्व. अशोक गुप्ता प्रकरण की निष्पक्ष जांच
स्व. अशोक गुप्ता प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध न्यायिक स्तर पर जांच कराई जाए तथा जांच में जिम्मेदारी सामने आने पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। पूर्व विधायक अशोक डोगरा ने निष्पक्ष जांच की मांग रखी। पीएमओ को हटाने एवं दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग पूर्व सभापति महावीर मोदी, अभिभाषक परिषद अध्यक्ष नारायण सिंह गौड़ एवं इंदिरा मार्केट व्यापार संघ अध्यक्ष विजय प्रकाश जैन ने रखी।
2. कार्डियोलॉजिस्ट एवं न्यूरोलॉजिस्ट की नियुक्ति
जिला अस्पताल में कार्डियोलॉजी यूनिट शुरू करने के साथ कार्डियोलॉजिस्ट एवं न्यूरोलॉजिस्ट की नियुक्ति अनिवार्य रूप से की जाए। मेडिकल कॉलेज से आवश्यक विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी भी जिला अस्पताल में सुनिश्चित की जाए। यह मांग पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा सुरेश अग्रवाल, भाजपा नेता गौरव शर्मा एवं पूर्व बीज निगम बोर्ड अध्यक्ष चर्मेश शर्मा ने रखी।
3. प्रसूताओं की मृत्यु के मामलों की गहन जांच
प्रसूताओं की मृत्यु के मामलों की गहन चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक जांच कराई जाए। लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए तथा प्रसूति सेवाओं की तत्काल समीक्षा हो। यह मांग हरीश कुमार बिलोची, पूर्व उपसभापति संतोष कटार एवं बुद्धि प्रकाश सोमाणी ने रखी।
4. 24×7 वरिष्ठ चिकित्सकों की उपलब्धता
आपातकाल में वरिष्ठ चिकित्सकों की अनुपस्थिति रोकने के लिए डिजिटल/ऑनलाइन रोस्टर सार्वजनिक किया जाए, जिससे ड्यूटी एवं उपस्थिति में पारदर्शिता बनी रहे। यह मांग भाजपा नेता रुपेश शर्मा, युवा कांग्रेस निशांत नुवाल एवं अजय गोयल ने रखी।
नगर परिषद सभापति भरत शर्मा ने कहा कि चिकित्सा व्यवस्था सुधार के लिए जनहित में उठाए जाने वाले प्रत्येक कदम में वे साथ खड़े रहेंगे।
5. आधुनिक एवं पूर्ण सुसज्जित इमरजेंसी CCU यूनिट
जिला अस्पताल में अलग एवं आधुनिक इमरजेंसी यूनिट तत्काल विकसित की जाए तथा प्रथम चरण में कम से कम 4 पूर्ण सुसज्जित इमरजेंसी बेड शुरू किए जाएं। यह मांग पुरम चंद गुरबानी, पूर्व पार्षद मानस जैन एवं लोकतंत्र गुर्जर ने रखी। वरिष्ठ पार्षद एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष टीकम जैन ने इमरजेंसी में आने वाली सामग्री की निरंतर जांच की मांग की ओर कई वर्षों से यही पर स्थायी रूप से कार्य कर रहे डॉक्टर्स का स्थानांतरण किया जाए।
6. 24×7 जीवनरक्षक सुविधाएं
ECG, ऑक्सीजन, मॉनिटरिंग एवं आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं हर समय उपलब्ध रहें तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सक तत्काल उपलब्ध हों। यह मांग बृजपाल बाथम, रेड क्रॉस सोसायटी सचिव अशोक विजय एवं पूर्व सभापति भगवान लाडला ने रखी।
7. अस्पताल की उच्चस्तरीय निगरानी
अस्पताल की व्यवस्थाओं, उपकरणों, दवाओं एवं स्टाफ की नियमित समीक्षा तथा औचक निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। यह मांग गोपेश वरयानी, रियाज अली एवं भानु प्रताप डिंगल ने रखी।
8. सर्पदंश उपचार की पर्याप्त व्यवस्था
सर्पदंश जैसी आपात स्थितियों के लिए आवश्यक उपचार एवं दवाएं हर समय उपलब्ध रहें। यह मांग सुनील हाडोती एवं ऑटोमोबाइल्स डीलर एसोसिएशन सचिव अजय कुमार शर्मा ने रखी।
9. RGHS एवं पेंशनर सुविधाएं सुचारू हों
पात्र मरीजों को RGHS एवं पेंशनर योजनाओं का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी नहीं हो तथा संबंधित सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जाएं। यह मांग जिला पेंशनर अध्यक्ष घनश्याम दुबे एवं अभयदेव शर्मा ने रखी।
10. पार्किंग में निर्धारित शुल्क ही लिया जाए
पार्किंग व्यवस्था में पारदर्शिता लाई जाए, निर्धारित एवं उचित शुल्क ही लिया जाए तथा मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ व्यवहार में सुधार सुनिश्चित हो। यह मांग कांग्रेस शहर अध्यक्ष शैलेश सोनी एवं ई-मित्र संगठन के संदीप श्रृंगी ने रखी।
11. ब्लड सेपरेशन मशीन एवं SDP सुविधा शुरू हो
ब्लड सेपरेशन मशीन को सुचारू रूप से शुरू कर डेंगू एवं गंभीर मरीजों के लिए SDP की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। यह मांग मानव सेवा समिति राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश खोईवाल, भारत विकास परिषद के रमेश गहलोत एवं बूंदी जिला कौमी एकता सोसायटी के प्रदेशाध्यक्ष पीरजादा अब्दुल शकूर कादरी ने रखी।
12. अस्पताल में औचक निरीक्षण के लिए 11 सदस्यों की टीम को अस्पताल की अव्यवस्था को देखने ओर उसको जिला कलेक्टर को समय पर अवगत करवाने के लिए तय किए जाय।
5 अक्टूबर को होगा अनूठा व्यंग्यात्मक चंदा अभियान
बैठक में तय किया गया कि सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को शहर के प्रमुख बाजारों में व्यापारिक संगठनों द्वारा चिकित्सा व्यवस्था के नाम पर प्रतीकात्मक एवं व्यंग्यात्मक रूप से चंदा एकत्रित किया जाएगा।
एकत्रित राशि को दोपहर 1:00 बजे PMO को सौंपा जाएगा। इस अभियान के माध्यम से शासन-प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया जाएगा कि जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना व्यवस्था की जिम्मेदारी है और इसके लिए आमजन को चंदा एकत्रित करने की स्थिति नहीं आनी चाहिए।
6 अक्टूबर को बूंदी बंद
बैठक में सामूहिक रूप से निर्णय लिया गया कि मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को बूंदी बंद रखा जाएगा।
संयुक्त व्यापार महासंघ ने बूंदी के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, धार्मिक संगठनों, युवा संगठनों तथा आम नागरिकों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से इस जनहित के आंदोलन में सहभागी बनें।
बैठक में उपस्थित सैकड़ों लोगों ने एक स्वर में अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता जताते हुए कहा कि चिकित्सा सुविधा कोई एहसान नहीं, बल्कि आम नागरिक की मूलभूत आवश्यकता है।
संयुक्त व्यापार महासंघ अध्यक्ष प्रेम प्रकाश एवरग्रीन, कार्यकारी अध्यक्ष पीतांबर शर्मा एवं सचिव प्रशांत मोदी ने कहा कि बूंदी की जनता की यह आवाज अब किसी एक संगठन तक सीमित नहीं है। विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं राजनीतिक संगठनों के जिम्मेदार लोगों ने एक मंच पर आकर इन मांगों का समर्थन किया है इस दौरान जनरल मर्चेंट एसोसिएशन अध्यक्ष नीरज भार्गव, भंवर सिंह,सदर बाजार व्यापार संघ अध्यक्ष अनिल नंदवाना, राकेश जैन, अशोक अजमानी, दिनेश बिलोची भानु जैन, निरंजन जिंदल ,नवीन जैन, भारत विकास परिषद आलोक नाटेकर, मुरली मनोहर माथुर, नारायण सिंह गौड,ऑटोमोबाइल्स राजकुमार झंवर, सर्व ब्राह्मण महासभा पीयूष शर्मा, विकास सनाढ्य, रवि कुमार गोंद, हिमांशु जैन, उमेश खत्री, सहित जिम्मेदार व्यक्ति उपस्थित रहे।।
बूंदी की एक आवाज — सुरक्षित उपचार, जवाबदेह व्यवस्था और बेहतर चिकित्सा सुविधा।
No comments:
Post a Comment