बूंदी (राजस्थान टीवी न्यूज)
बूंदी। चिकित्सा व्यवस्था में सुधार, आमजन के अधिकारों और चिकित्सा विभाग की कथित लापरवाही के विरुद्ध आयोजित बूंदी बंद को व्यापारियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए सफल बनाया। राजनीतिक एवं अन्य दबावों के बावजूद व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने-अपने प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रखकर जनहित के मुद्दे पर एकजुटता दिखाई।
बंद को सफल बनाने के लिए सुबह से ही व्यापारी प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता अलग-अलग टोलियों में बाजारों में घूमे और व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रखने का आग्रह किया। इसका परिणाम रहा कि शहर के प्रमुख बाजारों में व्यापारियों ने स्वतः अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन को समर्थन दिया।
जनहित के इस आंदोलन में विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ पूर्व विधायक अशोक डोगरा ने भी बाजारों में पहुंचकर व्यापारियों एवं आमजन के बीच रहकर सहयोग किया। इससे आंदोलन को व्यापक सामाजिक समर्थन मिला।
संयुक्त व्यापार महासंघ ने कहा कि यह बंद किसी व्यक्ति, दल या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि बूंदी की चिकित्सा व्यवस्था में आवश्यक सुधार, जवाबदेही और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर किया गया है। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलना उसका अधिकार है और इस विषय पर आवाज उठाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
संयुक्त व्यापार महासंघ ने बूंदी बंद को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी व्यापारियों, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, पत्रकार बंधुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया और कहा कि सभी के सहयोग से आंदोलन शांतिपूर्ण एवं सफल रहा।
इस दौरान संयुक्त व्यापार महासंघ अध्यक्ष प्रेम प्रकाश एवरग्रीन, कार्यकारी अध्यक्ष पीतांबर शर्मा, सचिव प्रशांत मोदी, सुनील हाड़ौती, मानव सेवा समिति अध्यक्ष राजेश खोईवाल, नरेंद्र पायलट, डेयरी व्यवसायी टीकम जैन, न्यू चूड़ी मार्केट अध्यक्ष रियाज अली, सचिव भंवर सिंह, सदर बाजार एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल नंदवाना, भानु जैन, मधुसूदन गुप्ता, कोटा रोड व्यापार संघ से प्रदीप गलानी, उपाध्यक्ष मनीष शर्मा , जनरल मर्चेंट एसोसिएशन अध्यक्ष नीरज भार्गव, इंदिरा मार्केट व्यापार संघ अध्यक्ष विजय प्रकाश जैन, अभिभाषक परिषद से धीरज कुमावत, टू व्हीलर से हाफिज भाई, नवीन जैन, रविंद्र सिंह, राकेश जैन, संदीप श्रृंगी, गोल्डी वर्मा, कुलदीप गौतम सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महासंघ ने कहा कि जब तक चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े जनहित के मुद्दों पर उचित कार्रवाई एवं न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से निरंतर जारी रखा जाएगा। आगामी आंदोलन की रणनीति भी आवश्यकता के अनुसार तय की जाएगी
No comments:
Post a Comment