बूंदी (राजस्थान टीवी न्युज)
बूंदी। शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी अशोक जी गुप्ता (कोठी वाला) के जिला अस्पताल में उपचार के दौरान निधन को लेकर व्यापारियों में गहरा आक्रोश एवं चिंता है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी गंभीर मरीज को समय पर आवश्यक आपातकालीन उपचार एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध नहीं हो सकी। ऑक्सीजन व्यवस्था, ICU में तत्काल उपचार तथा वरिष्ठ चिकित्सक की उपलब्धता को लेकर भी गंभीर सवाल सामने आए हैं।
इसी मामले को लेकर संयुक्त व्यापार महासंघ एवं इंदिरा मार्केट व्यापार संघ के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से जांच, CCTV फुटेज सहित समस्त चिकित्सकीय रिकॉर्ड सुरक्षित रखने तथा जांच में लापरवाही प्रमाणित होने पर संबंधित चिकित्सकों एवं जिम्मेदार अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध FIR एवं नियमानुसार कठोर कार्रवाई की मांग की।
व्यापारी प्रतिनिधियों ने यह भी मांग रखी कि जिला अस्पताल में हार्ट अटैक सहित सभी गंभीर आपातकालीन परिस्थितियों के लिए 24 घंटे विशेषज्ञ चिकित्सक एवं आवश्यक संसाधनों से युक्त विशेष आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी मरीज को समय पर उपचार से वंचित न होना पड़े।
इस अवसर पर संयुक्त व्यापार महासंघ अध्यक्ष प्रेम प्रकाश एवरग्रीन, कार्यवाहक अध्यक्ष पीतांबर शर्मा सचिव प्रशांत मोदी, इंदिरा मार्केट व्यापार संघ अध्यक्ष सिंटू जैन, सचिव सुशील कासट, भानु जैन, नवीन गंगवाल, राकेश जैन, महावीर कुशवाहा, शुभम श्रृंगी, रवि तन्ना सहित अन्य व्यापारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
व्यापारी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन द्वारा मामले में लिखित दी गई तय सीमा में शीघ्र निष्पक्ष जांच नहीं की गई तो व्यापारी संगठन संयुक्त रूप से चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी शुरुआत जिला प्रशासन को पुनः ज्ञापन, धरना एवं प्रदर्शन से की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को व्यापक स्तर तक ले जाया जाएगा।
व्यापारी संगठनों ने कहा कि मांग किसी व्यक्ति विशेष को दोषी ठहराने की नहीं, बल्कि सच्चाई सामने लाने, दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई करने और जिला अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्था को जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने की है।
No comments:
Post a Comment